मेरे काव्य संग्रह "धरा के रंग" से

एक गीत
"बादल भी छँट जायेंगे"
"बादल भी छँट जायेंगे"
रास्ते हँसते-हँसते ही कट जायेंगे।
सूर्य की रश्मियों के प्रबल ताप से,
बदलियाँ और बादल भी छँट जायेंगे।
पथ है काँटों भरा, लक्ष्य भी दूर है,
किन्तु मन में लगन जिसके भरपूर है,
होशियारी से आगे बढ़ाना कदम,
फासले सारे पल भर में घट जायेंगे।
भेद और भाव मन में न लाना कभी,
रब की सन्तान ही हैं सभी आदमी,
बात करना तसल्ली से मिल-बैठकर,
प्यार से सारे मसले निबट जायेंगे।
फूल रखता नही शूल से दूरियाँ,
साथ रहना है दोनों की मजबूरियाँ,
खार रक्षा करे, गुल लुटाये महक,
सारे सन्ताप खुद ही तो हट जायेंगे।